दुर्गम बंजर पहाड़ों पर आएगी हरियाली, ड्रोन से पहुंचाए जाएंगे सीड बॉल्स

By: Jul 24th, 2026 5:26 pm

वरिष्ठ संवाददाता-शिमला

प्रदेश में बंजर पहाड़ों पर हरियाली लाने के लिए वन विभाग ड्रोन की मदद से सीड बॉल्स पहुंचाएगा। नई तकनीक से किए जाने वाले इस पौधा रोपण को लेकर वन विभाग ने पूरी योजना तैयार कर ली है। हालांकि अभी तक सीड बॉल्स तकनीक से पौधा रोपण करने का प्रयोग बिलासपुर जिला में ही विभाग करने वाला है। लिहाजा यहां पर भी आवश्यकता पडऩे पर सीड बॉल्स को दुर्गम स्थल तक पहुंचाने के लिए ड्रोन की मदद विभाग ले सकेगा। खबर की पुष्टि प्रिंसिपल चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट डा. संजय सूद ने की है। उल्लेखनीय है कि वन विभाग मिशन 32 के तहत प्रदेश में हरित आवरण को बढ़ाने के लिए बडे पैमाने पर पौधा रोपण करेगा।

अभियान के तहत विभाग ने प्रदेश भर में आठ हजार हेक्टेयर पर 50 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य तय किया है। उधर, मुख्यमंत्री वन संवर्धन योजना के तहत वन विभाग ने इस मर्तबा नई तकनीक से भी पौधा रोपण करने का फैसला लिया है। इसके लिए नई तकनीक सीड बॉल्स को अपनाया जाएगा। तकनीक के माध्यम से पौधों के बीज को गीली मिट्टी और जैविक खाद के मिश्रण के साथ गोल आकार दिया जाएगा। इन्हें सुखाने के बाद जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में इसे बिखेरा जाएगा। मानसून सीजन में बारिश होने पर इससे मिलने वाली नमी से बीज खुद ही अंकुरित होगा और बाद में यह पौधे का रूप ले लेगा। विभाग ने शुरुआती तौर पर पांच हजार सीड बॉल्स तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इनमें अमलतास और नीम के बीजों का उपयोग किया जाएगा, ताकि प्राकृतिक रूप से ज्यादा से ज्यादा पौधे विकसित हो सकें। वन विभाग का कहना है कि ट्रायल बेस पर अभी इस तकनीक को अपनाया जाएगा और इसके बेहतर परिणाम मिलते है तो इसे प्रदेश के अन्य हिस्सों में इसे अपनाया जाएगा। उधर, प्रिंसिपल चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट डा. संजय सूद का कहना है कि जिन हिस्सों में इंसानी पहुंच नहीं है, वहां हरित आवरण के लिए सीड बॉल्स पहुंचाने के लिए ड्रोन की मदद भी लेगा। उन्होंने कहा कि विभाग के पास ड्रोन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पौधारोपण के लिए स्थानों को चिन्हित करने हेतु भी विभाग ड्रोन की मदद ले रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App