आठ इलेक्ट्रिक बसें पहुंची 12 और आएंगी बिलासपुर

By: Jul 5th, 2026 12:49 am

बिलासपुर में परिवहन व्यवस्था होगी आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बिलासपुर
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रदेश के विभिन्न डिपो को चरणबद्ध तरीके से नई इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर डिपो को भी कुल 20 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। इनमें से 8 बसें पहले चरण में डिपो पहुंच चुकी हैं जबकि शेष 12 बसें भी जल्द पहुंचने की संभावना है। इन बसों के शामिल होने से बिलासपुर डिपो की परिवहन सेवाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और आधुनिक सफर की सुविधा मिलेगी। साथ ही डीजल की खपत कम होने से पर्यावरण संरक्षण और परिचालन लागत में भी कमी आएगी।

एचआरटीसी द्वारा बसों की औपचारिक हैंडओवर प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका पंजीकरण, तकनीकी निरीक्षण और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद इन बसों के संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यात्रियों की संख्या, सडक़ की स्थिति और मांग को ध्यान में रखते हुए छोटे और बड़े विभिन्न रूटों पर इनका संचालन किया जाएगा। बिलासपुर डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए आवश्यक चार्जिंग सुविधाएं और अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं, ताकि बसों का संचालन बिना किसी बाधा के किया जा सके। बस स्टैंड बिलासपुर में चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जा रहा है। वहीं बसें आने से बड़ी सुविधा मिलेगी और यात्रा आसान होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App