जालंधर में ट्रक ने कुचला बुजुर्ग, नकोदर चौक पर पेश आया दर्दनाक हादसा, मौके पर तोड़ा दम
निजी संवाददाता-जालंधर
जालंधर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार शहर के व्यस्त डा. बीआर अंबेडकर चौक नकोदर चौक पर सोमवार सुबह 9 बजे के करीब एक तेज रफ़्तार ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर घायल होने के चलते बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रतन सिंह निवासी बस्ती दानिशमंदा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग व्यक्ति साइकिल से नकोदर चौक की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सडक़ पर गिर गए और ट्रक का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। जिसके चलते वह गंभीर घायल हो गए और एम्बुलेंस आने से पहले ही बुजुर्ग ने मौके पर दम तोड़ दिया।
घटना के बाद चौक पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया और ड्राइवर को थाना डिवीजन नंबर-4 पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं एक्सीडेंट की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है मामले की जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई हीरा लाल ने बताया, कि एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है, और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। आगे की क़ानूनी कार्रवाई मृतक के परिवार के बयानों के आधार पर की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

