पांवटा में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव फिर टला
नगर परिषद का कोरम पूरा न होने से दूसरी बार स्थगित हुई बैठक, अनुपस्थित पार्षदों को जारी होगा कारण बताओ नोटिस
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शुक्रवार को बुलाई गई बैठक एक बार फिर कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित करनी पड़ी। लगातार दूसरी बार चुनाव प्रक्रिया बाधित होने से नगर परिषद के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। नगर परिषद कार्यालय में सुबह 11 बजे आयोजित बैठक में कुल 13 में से आठ पार्षद उपस्थित रहे, जबकि पांच पार्षद अनुपस्थित रहे। सूत्रों के अनुसार बैठक में मौजूद सभी आठ पार्षद भाजपा समर्थित थे। विपक्षी खेमे के पार्षदों के अनुपस्थित रहने से चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। बैठक में मौजूद भाजपा समर्थित पार्षदों ने आरोप लगाया कि कुछ पार्षद जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया में बाधा डाल रहे हैं। उनका कहना था कि वे समय पर बैठक में पहुंचे और चुनाव के लिए तैयार थे, लेकिन विपक्ष की अनुपस्थिति के कारण चुनाव नहीं हो सका। लगातार बैठकें टलने से नगर परिषद के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शहर में सफाई व्यवस्था, नालियों की मरम्मत, सडक़ों की स्थिति, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़े कई निर्णय लंबित पड़े हैं।
स्थानीय व्यापार मंडल ने भी इस पर चिंता जताते हुए कहा कि पिछले दो महीने से नगर परिषद को न अध्यक्ष मिला है और न ही उपाध्यक्ष। इसके कारण प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यदि जल्द चुनाव नहीं कराया गया तो आंदोलन पर विचार किया जाएगा। एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने बताया कि बैठक से अनुपस्थित रहने वाले पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगली बैठक की तिथि जिला प्रशासन से विचार-विमर्श के बाद तय की जाएगी और सभी पार्षदों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए जाएंगे। नगर परिषद में लगातार दूसरी बार चुनाव टलने के बाद शहर के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान के कारण यह स्थिति बनी हुई है। अब शहरवासियों की निगाहें प्रशासन की अगली बैठक और चुनाव प्रक्रिया पर टिकी हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

