FIFA World Cup 2026: नॉर्वे से हार के बाद नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास

By: Jul 6th, 2026 11:20 am

न्यूयॉर्क। ब्राजील फुटबॉल टीम के स्टार खिलाड़ी नेमार ने सोमवार को फीफा विश्वकप में नॉर्वे के खिलाफ उनकी टीम को मिली हार के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया। 34 वर्षीय खिलाड़ी ने पेनल्टी के जरिए मैच के अंत में एक सांत्वना गोल दागा, लेकिन ब्राजील को एर्लिंग हालैंड के दो गोलों की बदौलत नॉर्वे से 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। नेमार की इस घोषणा के साथ ही उनके 16 साल लंबे करियर का अंत हो गया। चोटों से जूझ रहे नेमार ने विश्वकप में दो मैच खेले। न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में मैच खत्म होने की सीटी बजते ही नेमार रोते हुए जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद उनके साथियों ने उन्हें सांत्वना दी।

भावुक नेमार ने कहा, “ मैंने कोशिश की, मैंने कोशिश की। अब, यह सब खत्म हो गया है। मैंने यहीं से शुरुआत की थी; यहीं पर मेरा अंत हुआ।” नेमार ने अगस्त 2010 में मेटलाइफ स्टेडियम में संयुक्त राज्य अमरीका के खिलाफ एक मैत्रीपूर्ण मैच में ब्राजील के लिए पदार्पण किया और अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल किया। वह 80 गोल के साथ ब्राजील के सर्वकालिक अग्रणी गोल स्कोरर के रूप में अपना अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त करेंगे, जो पेले से तीन गोल आगे है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App