47 ग्राम सोने के साथ पांचवां आरोपी अरेस्ट
सोल बनेहड़ चोरी केस में पुलिस की तफ्तीश रंग लाई, बरामद हुआ लाखों का सोना
टीम – जयसिंहपुर, धर्मशाला
उपमंडल जयसिंहपुर के तहत सोल बनेहड़ पंचायत में हुए चर्चित चोरी कांड को सुलझाने में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। क्षेत्र में लगातार सुर्खियों में बने इस नानी और मामी के आभूषण चोरी मामले में जांच टीम ने गिरफ्तार किए गए पांचवें आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सोना रिकवर कर लिया है। इस वारदात को लेकर पुलिस की धरपकड़ लगातार जारी थी, जिसमें पहले भी चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इसी कड़ी में दबोचे गए पांचवें आरोपी रवि कुमार पुत्र चंद्रभान निवासी तलवंडी राणा हिसार से हुई पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने उसके ठिकाने से 47.69 ग्राम मनकों सहित चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। इस मामले में इस ताजा बरामदगी को पुलिस की तफ्तीश में एक बेहद महत्त्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है। मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने इस बड़ी बरामदगी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए पांचवें आरोपी की निशानदेही पर ही उसके घर से 47.69 ग्राम चोरी का सोना बरामद किया गया है। उन्होंने साफ किया कि पुलिस इस पूरे मामले की कडिय़ों को जोडऩे में जुटी है, आगामी जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े हर छोटे-बड़े पहलू की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
फेरीवालों और संदिग्धों पर नजर रखें लोग
कांगड़ा पुलिस एसपी कुलभूषण वर्मा ने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अजनबी फेरीवालों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा कीमती आभूषण और नकदी सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर देने का आग्रह किया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

