पहले कालेज-विश्वविद्यालय इकाई के चुनाव, प्रदेश में एनएसयूआई के संगठनात्मक चुनावों की घोषणा, दो चरणों में होंगे इलेक्शन

By: Jul 14th, 2026 12:06 am

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

हिमाचल में एनएसयूआई के आंतरिक संगठनात्मक चुनावों की घोषणा सोमवार को हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में संगठन के सदस्यता अभियान को लांच किया है। दो चरणों में यह चुनावी प्रक्रिया होगी। पहले चरण में एनएसयूआई के कालेज और विश्वविद्यालय इकाई के चुनाव होंगे। 24 जुलाई से यह प्रक्रिया आरंभ होगी। जानकारी के अनुसार सोमवार को मुख्यमंत्री ने एनएसयूआई की मेंबरशिप ड्राइव को लांच किया। इस दौरान उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया समेत एनएसयूआई चुनाव समन्वयक विवेक गिरी, मुख्य केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्य किरण मुगबासव, केके शास्त्री तथा कौशल पंडित उपस्थित रहे।

24 से 28 जुलाई तक दाखिल होंगे नामांकन पत्र

केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्यों ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव मुख्य केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण तथा नियुक्त राज्य चुनाव पर्यवेक्षकों की देखरेख में एनएसयूआई के संविधान के अनुरूप संपन्न कराए जाएंगे। दो चरणों में यह प्रक्रिया होगी। इसके तहत पहले चरण में महाविद्यालय और विश्वविद्यालय इकाई के चुनाव होंगे। 24 से 28 जुलाई नामांकन पत्र दाखिल की प्रक्रिया होगी।

चार अगस्त से पहली सितंबर महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में सदस्यता अभियान चलेगा। दो सितंबर सदस्यता शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि और छह अक्तूबर को महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय इकाई चुनाव परिणामों की घोषणा। चुनाव का दूसरा चरण सात अक्तूबर से आरंभ होगा और इस दौरान जिला एवं राज्य स्तरीय चुनावों हेतु नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। तदोपरांत 17 अक्तूबर को जिला एवं राज्य स्तरीय चुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया होगी। 20 को जिला एवं राज्य स्तरीय चुनाव परिणामों की घोषणा होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App