कागजों में चार नए कोर्स, हमीरपुर कालेज में कक्षाओं का अभी भी इंतजार
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी नहीं खुला उच्च शिक्षा का नया रास्ता; डेढ़ साल से अधूरी उम्मीदें, छात्रों ने प्रदेश सरकार व उच्च शिक्षा विभाग से हमीरपुर कालेज में नए कोर्स शुरू करने की लगाई गुहार
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर मुख्यालय स्थित 61 वर्ष पुराने राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में पीजी (स्नातकोतर) स्तर के चार नए कोर्स सत्र जुलाई 2025 से शुरू करने की विधिवत घोषणा कालेज के वार्षिक समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 12 मार्च, 2025 को स्वयं की थी। इन कोर्सों में एमए हिस्ट्री एवं एमए राजनीति शास्त्र, एमसीए और एमबीए शामिल हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिले के छात्रों एवं अभिभावकों और कालेज प्रबंधन की मांग को उचित मानते हुए इन चार नए कोर्सों की पीजी स्तर की कक्षाएं उक्त वर्ष से ही आरंभ करने के लिए कहा था, लेकिन हैरानी का विषय है कि डेढ़ वर्ष के बाद भी कॉलेज मेंं सीएम की घोषणा के बावजूद भी नए कोर्स आज तक शुरू नहीं हो पाए हैं। क्योंकि इनमें से एमए हिस्ट्री, एमसीए और एमबीए के स्नातकोत्तर स्तर के कोर्स वर्तमान में हमीरपुर जिला के किसी भी सरकारी कॉलेज में उपलब्ध नहीं और विशेष कर इतिहास विषय में स्नातकोतर कोर्स तो जिला हमीरपुर और साथ लगते अन्य जिलों के किसी भी निजी या सरकारी क्षेत्र के संस्थान में अब तक नहीं है।
इसके चलते हमीरपुर जिला के छात्रों को उक्त कोर्स में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए शिमला या धर्मशाला या फिर देश के दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ रहा है, जोकि छात्रों और उनके अभिभावकों को बहुत महंगा पड़ रहा है। हमीरपुर जिला के तमाम छात्रों एवं उनके अभिभावकों की इसी समस्या के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने इन कोर्सों को शुरु करने की घोषणा मार्च 2025 को की थी, लेकिन ताजुब की बात है कि मुख्यमंत्री द्वारा विधिवत घोषणा किए हुए लगभग डेढ़ वर्ष बीत चुका है और अभी तक इसकी अधिसूचना जारी नहीं हो पाई है। अगर उच्च शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में समय रहते आवश्यक कार्यवाही नहीं की गई, तो मुख्यमंत्री द्वारा समय पर की गई घोषणा के बावजूद भी इस वर्ष भी हमीरपुर जिला के छात्र हमीरपुर कालेज में इन कोर्सों में दाखिला लेने से वंचित रह जाएंगे। छात्रों और उनके अभिभावकों ने मुख्यमंत्री से पूरजोर मांग की है कि उनके द्वारा घोषित कोर्सों को हमीरपुर महाविद्यालय में इसी सत्र से शुरू करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग को दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
हरी झंडी का इंतजार
राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के प्राचार्य डा. सतीश सोनी का कहना है कि कॉलेज में एमबीए और एमसीए सहित अन्य कोर्स शुरू करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग को दोबारा अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक इसकी कोई भी नोटिफिकेशन जारी नहीं हुई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

