कदमताल से सपनों की उड़ान तक, अफसरों ने किया कैडेट्स का मार्गदर्शन

By: Jul 10th, 2026 12:50 am

एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को समझाया मेहनत का महत्व, कर्नल श्रीधर राजन, एसपी हमीरपुर व अन्य अधिकारियों ने किया प्रेरित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के परिसर में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एयर विंग के दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-223) में गुरुवार को सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कैडेट्स के साथ संवाद करके कैडेट्स को अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। 1एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू द्वारा आयोजित किए जा रहे इस शिविर में गुरुवार को थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने कैडेट्स को थल सेना में अधिकारी या सैनिक के रूप में भर्ती के अलग-अलग माध्यमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को सशस्त्र सेनाओं में कॅरियर बनाने के लिए अपने आपको शारीरिक, मानसिक और अकादमिक रूप से तैयार रखने के लिए प्रेरित किया तथा जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और लीडरशिप जैसे मूल्यों को अपनाने की अपील की। कर्नल श्रीधर राजन थल सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट के अनुभवी अधिकारी हैं और उनका अभी तक लगभग 20 वर्षों का सेवाकाल बहुत ही सराहनीय रहा है।

कैडेट्स से संवाद के एक अन्य सत्र में हमीरपुर के एसपी बलवीर सिंह ने नशे की समस्या पर विस्तार से बात की। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासित जीवन शैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे वे जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल करने में सक्षम होंगे। एसपी ने कहा कि आज के दौर में नशे की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। विशेषकर, युवा पीढी इसकी चपेट में आ रही है। इसे रोकने के लिए हर युवा को सतर्क रहने की आवश्यकता है। सूबेदार मेजर संजय कुमार सिंह ने कैडेट्स के साथ अपने कई अनुभव साझा किए तथा अग्निवीर भर्ती की विस्तृत जानकारी दी। इससे पहले, कैंप कमांडेंट एवं 1एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App