छूटी बच्चियों का करवाओ एचपीवी टीकाकरण

By: Jul 10th, 2026 12:50 am

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने मासिक बैठक के दौरान दिए निर्देश
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री की अध्यक्षता में सीएमओ ऑफिस के कांफ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. सुनील वर्मा, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना एवं संप्रेषण अधिकारी सुनील रांगड़ा, स्वास्थ्य शिक्षक, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, ब्लाक प्रोग्राम मैनेजेर उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई, जिसमें प्रमुख रूप से एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जो बच्चे छूट रहे हैं उनको भी टीकाकरण करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा छूट न जाए।

बताया की एचपीवी टीकाकरण अभियान जिले के सभी विद्यालयों में चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर से बचाव करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बच्ची इस जीवन रक्षक टीके से वंचित न रहे, जितनी भी गर्भवती महिलाएं हैं उनका पंजीकरण अति शीघ्र किया जाए और जहां पर प्रवासी गर्भवती महिलाएं रहती हैं उनके उपर विशेष ध्यान दें ताकि उनका भी पंजीकरण अति शीघ्र किया जाए। इस विषय पर उनके ठेकेदार से भी बात कर लें, जिनके पास वे काम करती हैं। बताया कि प्रसव पूर्व अवधि के दौरान ही गर्भवती महिलाओं को परिवार नियोजन के तरीकों को अपनाने के लिए परामर्श दिया जाना चाहिए और जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थी महिलाएं इस योजना से वंचित न रहें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App