शाहतलाई-मैहरे बस सेवा कटौती पर बढ़ा रोष

By: Jul 3rd, 2026 12:50 am

महिला मंडल ने दी बस घेराव आंदोलन की चेतावनी, एचआरटीसी को भेजा ज्ञापन

नगर संवाददाता-शाहतलाई
मैहरे-शाहतलाई बस सेवा में की गई कटौती को लेकर क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा है। रानी लक्ष्मी बाई महिला मंडल निघ्यार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के क्षेत्रीय प्रबंधक, हमीरपुर को ज्ञापन भेजकर बस सेवा को पूर्ववत एवं नियमित रूप से बहाल करने की मांग उठाई है। महिला मंडल का कहना है कि बस रूट में बदलाव के कारण रोजाना सैकड़ों विद्यार्थियों, कर्मचारियों, महिलाओं और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिला मंडल की प्रधान राज कुमारी ने बताया कि मैहरे से शाहतलाई वाया पत्थलीयर, चंबेह और निघ्यार संचालित होने वाली एचआरटीसी बस अब सुबह करीब 11 बजे केवल निघ्यार तक ही पहुंच रही है। उन्होंने मांग की कि इस बस का संचालन पहले की तरह बछरेटू तक किया जाए, ताकि कोठी, कोसरियां, बडग़ांव सहित आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पहले दोपहर तीन बजे मैहरे से शाहतलाई तक चलने वाली बस सेवा को भी अब निघ्यार तक सीमित कर दिया गया है।

इसके कारण शाहतलाई और रास्ते में पडऩे वाले कई गांवों के विद्यार्थी, सरकारी एवं निजी कर्मचारी तथा अन्य यात्री घंटों बस का इंतजार करने को मजबूर हैं, जबकि बस निघ्यार से ही वापस लौट जाती है। इससे लोगों की दिनचर्या, शिक्षा और रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महिला मंडल ने कहा कि यह केवल परिवहन का नहीं बल्कि आम जनता की सुविधा और अधिकार का मुद्दा है। यदि समय रहते बस सेवा को पूर्ववत बहाल नहीं किया गया तो रानी लक्ष्मी बाई महिला मंडल की महिलाएं शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से बस का घेराव करने के लिए बाध्य होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और एचआरटीसी की होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App