विकास और जनसेवा की मिसाल रहे जीएस बाली

By: Jul 28th, 2026 12:02 am

नगरोटा बगवां में आयोजित बाल मेले में बोले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

कार्यालय संवाददाता- नगरोटा बगवां
स्वर्गीय जीएस बाली की 72वीं जयंती के अवसर पर बाल मेला समिति द्वारा गांधी ग्राउंड नगरोटा बगवां में आयोजित 24वें बाल मेले में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्वर्गीय जीएस बाली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने नगरोटा बगवां सहित पूरे क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और जीएस बाली दोनों ही विकास और जनकल्याण की राजनीति के प्रतीक थे, लेकिन कई बार उन्हें कई मुद्दों पर झगड़ते हुए भी देखा गया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक रघुवीर सिंह बाली को जीएस बाली की समृद्ध राजनीतिक विरासत मिली है और उन्हें जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि पहली बार विधायक बनने के बावजूद रघुवीर सिंह बाली के प्रति प्रदेश नेतृत्व का विशेष विश्वास दिखाई देता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिलए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का नगरोटा बगवां आना इस विश्वास का प्रमाण है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि स्वर्गीय जीएस बाली ने विकास की जो पहचान बनाई, उसी परंपरा को रघुवीर सिंह बाली आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वे क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि जीएस बाली का सार्वजनिक जीवन विकास और जनसेवा के लिए सदैव याद किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App