सुबह 11 से रात एक बजे तक सिलेंडर के लिए करना पड़ा इंतजार
नैनाटिक्कर में एलपीजी वितरण व्यवस्था पर फूटा लोगों का गुस्सा; गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
निजी संवाददाता-नैनाटिक्कर
नैनाटिक्कर, साधनाघाट, प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान हैं। सराहां गैस एजेंसी पर निर्भर सैकड़ों उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर समय पर नहीं पहुंचते, जिससे उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। बुधवार को एजेंसी ने व्हाट्सएप के माध्यम से गैस वाहन आने की सूचना दी, जिसके बाद लोग सुबह 11 बजे से सिलेंडर लेकर निर्धारित स्थानों पर पहुंच गए। हालांकि गैस वाहन रात करीब 10:30 बजे नैनाटिक्कर पहुंचा और सिलेंडरों का वितरण रात एक बजे तक चला।
बरसात के मौसम में दूर-दराज के गांवों से आए ग्रामीणों, महिलाओं और बुजुर्गों को देर रात तक इंतजार करना पड़ा। कई उपभोक्ता शाम तक इंतजार करने के बाद बिना सिलेंडर लिए ही घर लौट गए। लोगों का कहना है कि एजेंसी की अव्यवस्थित कार्यप्रणाली के कारण उन्हें बार-बार परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन, गैस एजेंसी और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि नैनाटिक्कर क्षेत्र के लिए गैस वितरण की तिथि और समय पहले से तय किया जाए और सिलेंडरों की आपूर्ति दिन के समय सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को रात में जोखिम उठाकर सफर न करना पड़े। इस संबंध में पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने कहा कि गैस एजेंसी की ऐसी कार्यप्रणाली स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उपायुक्त सिरमौर और एसडीएम पच्छाद के समक्ष उठाकर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

