अयोध्या में सोने के पन्नों वाली रामचरितमानस भी गायब? दान देने वाले पूर्व गृह सचिव ने उठाए सवाल

By: Jul 4th, 2026 11:16 pm

पूर्व गृह सचिव लक्ष्मीनारायण ने किया चोरी होने का दावा आज तक नहीं मिली रसीद

एजेंसियां — अयोध्या

अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। इस मामले की जांच पुलिस और एसआईटी कर रही है। आठ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इस बीच, भारत सरकार के पूर्व गृह सचिव एस.लक्ष्मीनारायण के दावे से सनसनी फैल गई है। उन्होंने मंदिर से अपनी 800 ग्राम सोना जडि़त रामचरितमानस के चोरी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आठ अप्रैल, 2024 को राम मंदिर ट्रस्ट को सवा क्विंटल की रामचरितमानस भेंट की थी, लेकिन आज तक उन्हें इसकी रसीद नहीं मिली। उसमेंं करीब आठ सौ ग्राम सोना था। बाद में पता चला कि वह गायब हो गई। इस रामायण के 1000 पन्नों पर 24 कैरेट सोने की परत चढ़ाई गई है।

इसकी कीमत पांच करोड़ थी। पूर्व गृह सचिव का कहना है कि उन्होंने कई बार चंपत राय से शिकायत की, पत्र भी लिखे, लेकिन उनसे ठीक ढंग से बात भी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मैं अयोध्या पहुंचा, तो चंपत राय ने नौ घंटे तक इंतजार करवाया। मैंने उनसे हाथ जोडक़र कहा- सर, मेरी पूरी जिंदगी की पूंजी है। रामचरितमानस को मंदिर में रखवा दीजिए। तब उन्होंने कहा कि मेरे पास कई लोगों के आभूषण और कई तरह की चीजें आती हैं, तो क्या मैं सिर्फ इन्हीं सब का डिस्प्ले करता रहूं? उन्होंने कहा कि मैंने मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा और ट्रस्ट मेंबर गोपाल राव से संपर्क किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। फिर मैं दोबारा अयोध्या गया। चार घंटे इंतजार के बाद चंपत राय मिले। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं कुछ नहीं कर सकता, आपको जहां जाना है, जाइए। वहीं मंदिर ट्रस्ट ने अपनी छह जुलाई को होने वाली बैठक का शनिवार को एजेंडा जारी किया। इसमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और न्यासी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला होगा। इसके अलावा एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट और मंदिर प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App