मूसलाधार बारिश से हिमाचल बेहाल, 6 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट, कुल्लू में स्कूल बंद

By: Jul 22nd, 2026 11:10 am

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में रात 12 बजे के बाद से लगातार तेज बारिश होती रही। शिमला के ओल्ड बैरियर क्षेत्र में भारी बारिश के बीच एक बड़ा पेड़ मकान की छत पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। शिमला में बुधवार सुबह तक 66.5 मिलीमीटर और कुफरी में 74.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

लगातार हो रही बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में जलभराव और फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। भारी बारिश के चलते कुल्लू जिले के आनी, बंजार और निरमंड उपमंडलों में एहतियात के तौर पर मंगलवार 22 जुलाई को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी सुबह सात बजे तक लगातार तेज बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं चंबा, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी है। अन्य जिलों में फिलहाल कोई विशेष मौसम चेतावनी नहीं है।

कल से कमजोर होगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस

आईएमडी के मुताबिक बुधवार के बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पडऩे लगेगा। इसके चलते 27 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने और केवल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे लगातार हो रही बारिश से लोगों को कुछ राहत मिलने के आसार हैं।

मानसून सीजन में अब तक 14 प्रतिशत कम बारिश

प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बावजूद इस सीजन में अब तक सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। एक जून से 21 जुलाई के बीच सामान्य तौर पर 266.4 मिलीमीटर वर्षा होती है, जबकि इस वर्ष केवल 230.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। जिला स्तर पर बिलासपुर में 27 प्रतिशत, हमीरपुर में 42 प्रतिशत, मंडी में 30 प्रतिशत, सिरमौर में 4 प्रतिशत, ऊना में 3 प्रतिशत, चंबा में 6 प्रतिशत, कांगड़ा में 19 प्रतिशत और लाहुल-स्पीति में 42 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App