हिमाचल को हॉकी में सिल्वर-ब्रॉन्ज मेडल, फेडरेशन कप रोलर एंड इनलाइन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— बद्दी
राष्ट्रीय स्तर की फेडरेशन कप रोलर एवं इनलाइन हॉकी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के खिलाडिय़ों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। चंडीगढ़ में 17 से 19 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की रोलर हॉकी टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (रनरअप) का खिताब अपने नाम किया, जबकि इनलाइन हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश के खाते में एक और उपलब्धि जोड़ दी। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर की मजबूत टीमों के बीच हिमाचल के खिलाडिय़ों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय दिया। इनलाइन हॉकी टीम के अजय, अमित, अनीश, माणिक, मोक्ष, जितेंद्र, यशपाल, मंजू, शेरी और मयूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को तीसरा स्थान दिलाया।
वहीं रोलर हॉकी टीम के कुणाल, चंदन, अमरजोत, मनवीश, रोहन और पार्थ ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर टीम को उपविजेता बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। हिमाचल प्रदेश रोलर स्केटिंग हॉकी एसोसिएशन के ट्रेजरर मिथुन राणा और महासचिव जतिन कुमार ने दोनों टीमों के खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत, समर्पण और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जो अन्य खिलाडिय़ों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से दयाकरण सिंह एवं रणजीत सिंह ने दोनों टीमों के लिए हॉकी जर्सियों का प्रायोजन किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

