हिमाचल के बोबिन का इंटरनेशनल में डंका, गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में साई सेंटर बिलासपुर के मुक्केबाज ने जीता रजत

By: Jul 29th, 2026 12:07 am

रोमानिया में गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में साई सेंटर बिलासपुर के मुक्केबाज ने जीता रजत

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बिलासपुर

स्पोट्र्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के ट्रेनिंग सेंटर बिलासपुर से प्रशिक्षण प्राप्त कर मुक्केबाज बोबिन चौहान ने बड़ी सफलता हासिल की है। बोबिन ने ब्रैइला, रोमानिया में गोल्डन बेल्ट अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग टूर्नामेंट में रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। पदक जीतकर बिलासपुर पहुंचे बोबिन चौहान का साई ट्रेनिंग सेंटर में फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। सेंटर के प्रभारी विजय नेगी की अगवाई में सम्मान समारोह में बोबिन को शॉल, टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।

मूल रूप से मसली (रोहड़ू) जिला शिमला के रहने वाले बोबिन चौहान वर्ष 2017 से 2024 तक साई ट्रेनिंग सेंटर बिलासपुर के खिलाड़ी रहे, जहां उन्होंने वरिष्ठ बॉक्सिंग कोच एवं केंद्र प्रभारी विजय प्रकाश नेगी के मार्गदर्शन में व्यवस्थित प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्तमान में वह सीनियर भारतीय राष्ट्रीय शिविर पटियाला में प्रशिक्षणरत हैं। इस मौके पर कबड्डी कोच पंकज शर्मा, बॉक्सिंग कोच राम चन्द्र आरा और वरिष्ठ मुक्केबाज राकेश राका आदि उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App