घरों के मालिक राहत शिविर में बने शरणार्थी
बोह में बादल फटने के बाद डीसी और एसडीएम ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर संभाली व्यवस्था
नगर संवाददाता- शाहपुर
कांगड़ा जिले की बोह घाटी के बोह, रोण, सपेड़ा और घड़घू गांव में हुई भीषण बारिश और फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। प्राकृतिक आपदा ने कई परिवारों के सपनों और आशियानों को मलबे में बदल दिया। किसी का घर पूरी तरह बह गया, किसी की वर्षों की मेहनत की कमाई नष्ट हो गई, तो कई परिवारों का जीवनभर का संचित सामान पलभर में बह गया।
प्रभावित क्षेत्रों के दृश्य बेहद मार्मिक और हृदय विदारक हैं। आपदा के बाद डीसी कांगड़ा, एसडीएम शाहपुर ने टीम सहित प्रभावित क्षेत्र में तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए प्रभावित परिवारों के लिए बोह स्कूल में अस्थायी राहत शिविर स्थापित किया है। यहां रहने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से विस्तृत चर्चा कर प्रभावित परिवारों के लिए बेहतर आवासीय व्यवस्था तथा क्षतिग्रस्त मकानों के लिए नियमानुसार भूमि उपलब्ध करवाने और लगभग आठ लाख रुपए तक की सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है।
प्रभावित परिवारों की सहायता करने में जुटे कार्यकर्ता
उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की टीम को भी तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं सहायता कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शाहपुर, धार कंडी कांग्रेस कमेटी तथा स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभावित गांवों में पहुंचकर राहत सामग्री उपलब्ध कराने और जरूरतमंद परिवारों की हरसंभव सहायता करने में जुटे हुए हैं।उधरए प्रदेश के बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी वीडियो कॉल के माध्यम से प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना और प्रशासन को निर्देश दिए कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मौका पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया।
प्राकृतिक आपदा ने झकझोर कर रख दी बोह घाटी
बोह घाटी में आई इस प्राकृतिक आपदा ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हालांकि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मिलकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटे हुए हैं। पूरे शाहपुर क्षेत्र से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं और हर स्तर पर उन्हें इस कठिन समय से उबारने के प्रयास जारी हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

