बैजनाथ में देखते ही देखते ढह गया घर

By: Jul 10th, 2026 12:50 am

वार्ड एक के अवस्थी मोहल्ले में भारी बारिश और कूहल के पानी से धराशायी हुआ मकान

कार्यालय संवाददाता- बैजनाथ
बैजनाथ क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। गुरुवार को नगर पंचायत बैजनाथ के वार्ड नंबर-एक स्थित अवस्थी मोहल्ले में एक मकान अचानक भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि घटना के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मकान रोज अवस्थी का है, जो स्थानीय विधायक किशोरी लाल के आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित है। मकान मालिक ने बताया कि लगातार बारिश के कारण साथ लगती कूहल में पानी का बहाव काफी बढ़ गया। तेज बहाव से मकान की नींव के पास लगातार कटाव होता रहा और देखते ही देखते पूरा मकान धराशायी हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। मकान मालिक ने बताया कि उन्होंने मामले की सूचना बैजनाथ के पटवारी को दे दी है तथा प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है, ताकि वह अपने मकान का पुनर्निर्माण कर सकें। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, जर्जर भवनों से दूरी बनाए रखने तथा नालों, कूहलों और नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App