एचपीयू के पेंशनर्ज-क्लास फोर कर्मियों को मिलेगा एरियर
स्थापना दिवस पर घोषणा; सीएम बोले, निर्धन परिवारों के बच्चों को मिलेगा 20 लाख तक का एजुकेशन लोन
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बुधवार को 57वां स्थापना दिवस समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया। स्थापना दिवस के अवसर पर 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का लंबित एरियर जारी करने की घोषणा की गई। स्थापना समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य महावीर सिंह ने की। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि 12 लाख रुपए वार्षिक आय वाले परिवार भी अपने बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपए तक का ऋण मात्र एक प्रतिशत ब्याज पर प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा साइंस, क्वांटम प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, पहाड़ी संस्कृति एवं विरासत सहित विभिन्न उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए गए हैं। कुलपति प्रो महावीर सिंह ने बताया कि ग्रीन एनर्जी सेंटर के लिए लगभग 30 करोड़ रुपए की परियोजनाएं प्राप्त हो चुकी हैं और आरट्रैक के साथ साइबर क्षेत्र में उद्योगों के साथ एमओयू के माध्यम से लगभग 10 करोड़ रुपए के सहयोग की संभावनाएं हैं। इसके अलावा डीआरडीओ से लगभग 82 लाख तथा 87 लाख एवं 60 हज़ार रुपए न्यूक्लियर एवं रेडियोलॉजी क्षेत्र से भी महत्वपूर्ण अनुसंधान परियोजनाएं विश्वविद्यालय को प्राप्त हुई हैं।
तीन विभूतियों को सम्मान
इस अवसर पर डा. राज बहादुर, डा. विजय कुमार स्टोक्स और डा. नाल्ल्ला मल्ली को विश्वविद्यालय कुलपति आचार्य महावीर सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के बुलेटिन, शोध जर्नल और विभिन्न पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिमला के महापौर सुरिंद्र चौहान, विधायक हरीश जनारथा, केवन सिंह खाची, कई गणमान्य व्यक्ति, विश्वविद्यलय के कई अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।
एचपीयू की उपलब्धियां दिखाई
कार्यक्रम में डीन ऑफ स्टडीज़ प्रो. बीके शिवराम ने प्रगति का एक वर्ष विषय पर आधारित विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की रिपोर्ट और डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष के दौरान विश्वविद्यालय ने शिक्षा, अनुसंधान, अधोसंरचना विकास, डिजिटल परिवर्तन, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

