गुरु नानक स्कूल में हॉकी हॉस्टल-शूटिंग रेंज का लोकार्पण
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
खेल प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में गुरु नानक पब्लिक स्कूल, बद्दी ने शनिवार को हॉकी खिलाडिय़ों के लिए आवासीय हॉस्टल और अत्याधुनिक 10 मीटर शूटिंग रेंज का लोकार्पण किया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में शिक्षा और खेलों के समन्वय पर जोर देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता दोहराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सुखमनी साहिब के पाठ से हुआ। इसके बाद विद्यालय के चेयरमैन सरदार नसीब सिंह ने हॉकी हॉस्टल और शूटिंग रेंज का विधिवत उद्घाटन किया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन, ट्रस्टी सदस्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि नए हॉकी हॉस्टल से दूर-दराज क्षेत्रों के खिलाडय़िों को सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी, जिससे वे नियमित अभ्यास पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
वहीं अत्याधुनिक 10 मीटर शूटिंग रेंज में प्रशिक्षित कोचों के मार्गदर्शन में खिलाडय़िों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकें। इस अवसर पर चेयरमैन सरदार नसीब सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को खेलों में भी उत्कृष्ट अवसर और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा ऐसी सुविधाएं खिलाडय़िों के सपनों को नई उड़ान देंगी। समारोह के अंत में विद्यालय के सचिव सरदार महेंद्र सिंह और प्रधानाचार्य सरदार कुलजीत सिंह ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार जारी रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

