IND vs ZIM: जिम्बाब्वे के खिलाफ आज जीत के साथ शुरुआत करने उतरेगा भारत

By: Jul 23rd, 2026 12:08 am

हरारे में शाम साढ़े चार बजे टी-20 सीरीज का आगाज, अय्यर की अग्निपरीक्षा

एजेंसियां— हरारे

लगातार टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम गुरुवार से शुरू हो रही तीन मैचों की टी-20 सीरीज में जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत की पटरी पर लौटने के इरादे से मैदान में उतरेगी। कप्तान श्रेयस अय्यर अपनी कप्तानी में पहली सीरीज जीत दर्ज करने की कोशिश करेंगे, जबकि युवा भारतीय टीम के सामने हालिया असफलताओं को पीछे छोडऩे की चुनौती होगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने शुरुआती सात टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में छह मैच गंवाए हैं। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज हारने के बाद जिम्बाब्वे दौरा टीम के लिए आत्मविश्वास हासिल करने का सुनहरा मौका है। हालांकि भारत इस सीरीज में प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन हार टीम के ड्रेसिंग रूम पर बड़ा असर डाल सकती है। इस दौरे पर मुख्य कोच गौतम गंभीर की जगह वीवीएस लक्ष्मण टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

ऐसे में टीम संयोजन और रणनीति पर भी सभी की नजरें रहेंगी। हरारे की पिच पर तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त उछाल और मदद मिलने की संभावना है। ऐसे में जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगरावा भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। मध्यक्रम में उपकप्तान तिलक वर्मा की बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी चर्चा है। उन्हें नंबर-5 पर सफलता नहीं मिली है, जबकि ईशान किशन नंबर-3 की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में रिंकू सिंह भी मध्यक्रम में मजबूत विकल्प माने जा रहे हैं। ऑलराउंडर संयोजन में हर्ष दुबे, शिवम दुबे और सूर्यांश शेडगे में से दो खिलाडिय़ों का चयन करना टीम प्रबंधन के लिए आसान नहीं होगा। तेज गेंदबाजी आक्रमण में मयंक यादव, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा और यश ठाकुर में से अंतिम संयोजन पर भी नजर रहेगी।

भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अशोक शर्मा, रवि बिश्नोई, प्रभसिमरन सिंह, रिंकू सिंह।

सीरीज का शेड्यूल

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई यानी गुरुवार को हरारे में खेला जाएगा। सीरीज का दूसरा मैच 25 जुलाई दिन शनिवार को होगा, तीसरा और आखिरी मैच 26 जुलाई दिन रविवार को खेला जाएगा। तीनों मैच भारतीय समयानुसार शाम 4.30 बजे से हरारे स्पोट्र्स क्लब, हरारे में खेले जाएंगे।

वैभव सूर्यवंशी पर नजर

युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर आकर्षण का केंद्र होंगे। उनके साथ अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करेंगे, जबकि संजू सैमसन इस दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं हैं। हरारे स्पोर्ट्स क्लब का मैदान अभिषेक और वैभव दोनों के लिए खास रहा है। अभिषेक ने यहीं टी-20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था और दूसरे ही मैच में शतक जड़ा था। वैभव ने इसी मैदान पर इस साल अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार शतक लगाया था।

टीम इंडिया के खिलाफ तीन बदलावों के साथ उतरेंगे मेजबान

एजेंसियां— हरारे

जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। कप्तान सिकंदर रजा की अगवाई वाली टीम में ऑलराउंडर वेस्ली मधेवेरे और तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहुरी की वापसी हुई है। वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज ताफदजवा त्सिगा को पहली बार टी-20 में जगह मिली है। बांग्लादेश सीरीज वाली टीम से क्लाइव मडांडे, टिनोटेंड मापोसा और ताशिंगा मुसेकिवा को बाहर किया गया है। टेस्ट और वनडे में बांग्लादेश को हराने वाली जिम्बाब्वे की टीम टी-20 सीरीज हारने के बावजूद घरेलू मैदान पर भारत को चुनौती देने के इरादे से उतरेगी।

15 सदस्यीय जिम्बाब्वे की टीम

सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन करन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमानी, डियोन मायर्स, मिल्टन शुम्बा, ताफदजवा त्सिगा, वेलिंग्टन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड नगरवा, न्यूमैन न्यामहुरी, तनाका चिवांगा


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App