बीजेपी को घेरने की तैयारी में इंडिया गठबंधन, मानसून सत्र में राम मंदिर चढ़ावा और पेपर लीक का उठाएंगे मुद्दा

By: Jul 12th, 2026 10:20 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने कहा है कि इंडिया गठबंधन आगामी संसद के मानसून सत्र में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले और नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरेगा। इसके साथ ही, विपक्षी दलों में फूट डालकर दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कथित कोशिशों का भी कड़ा विरोध किया जाएगा। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा। बिहार के बक्सर से सांसद सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी संख्या बल जुटाने के उद्देश्य से विपक्षी दलों को कमजोर करने की राजनीतिक रणनीति अपना रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा देशभर में विपक्षी दलों को तोडक़र संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करना चाहती है, लेकिन इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ इसका विरोध करेगा। सांसद सुधाकर सिंह के अनुसार, विपक्ष संसद में हर महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगा। इसमें राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी और पेपर लीक से लेकर बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे विषय शामिल हैं। हाल के दिनों में विपक्षी सांसदों के पाला बदलने की खबरों और अटकलों पर उन्होंने कहा कि यह पूरे इंडिया गठबंधन के लिए चिंता का विषय है ।

राजद नेता ने आरोप लगाया कि पहले दल-बदल कानून के दायरे में रहकर होता था, लेकिन आज ऐसा लगता है कि नियमों और सुरक्षात्मक उपायों को भी पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने इन कोशिशों को संविधान को कमजोर करने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा बताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App