जयराम का दावा, चुनावों में भाजपा की होगी बड़ी जीत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर जिला परिषद के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत का जश्न मनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंचायत और स्थानीय नगर निकाय चुनावों के हालिया नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों और कार्यप्रणाली से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि इन चुनावों ने आने वाले विधानसभा चुनावों की पटकथा लिख दी है, जहां कांग्रेस सरकार का इससे भी बुरा हश्र होगा और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ एकतरफा जीत दर्ज करेगी।
मुख्यमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर, रातों-रात नियमों में बदलाव कर रही है और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर तरह-तरह के प्रशासनिक व राजनीतिक दबाव बनाकर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के पदों पर जबरन कब्जा करने की साजिशें रच रही है, लेकिन जनता और विपक्ष उनके इस षड्यंत्र को कभी कामयाब नहीं होने देंगे। आपदा प्रबंधन के मुद्दे पर सुक्खू सरकार को घेरते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मंडी जिले ने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान सबसे अधिक नुकसान झेला था, परंतु राहत और पुनर्वास की दिशा में काम करने के बजाय सरकार ने इस जिले को आबंटित की गई आपदा राहत राशि को भी वापस ले लिया है, जिससे आज यहां के प्रभावित लोग पूरी तरह से राम भरोसे रहने को मजबूर हैं।
सोलन नगर निगम चुनाव में लोकतंत्र की जीत
शिमला — नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोलन नगर निगम में भाजपा की मेयर पद की प्रत्याशी सुषमा तथा डिप्टी मेयर पद पर गौरव राजपूत के निर्वाचित होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम में भाजपा की यह जीत लोकतंत्र, जनविश्वास और भाजपा की जनसेवा एवं सुशासन की राजनीति की जीत है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में राजनीतिक दबाव, सत्ता के दुरुपयोग से लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया, लेकिन सोलन की जनता के जनादेश और जनप्रतिनिधियों के विवेक के सामने प्रदेश सरकार की सारी साजिशें नाकाम साबित हुईं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

