कांगड़ा में मानसून का कहर: 128 करोड़ का नुकसान, 33 घर ध्वस्त, अगले दो दिन ऑरेंज अलर्ट

By: Jul 29th, 2026 2:55 pm

नरेन कुमार- धर्मशाला

कांगड़ा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। मानसून सीजन के एक माह में ही अब तक जिले को करीब 128 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। सबसे अधिक क्षति लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग को हुई है। जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बुधवार को बताया कि जिला प्रशासन राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों में युद्धस्तर पर जुटा हुआ है, और प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 33 पक्के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि 39 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 39 मवेशियों की भी मौत हुई है। जिले का बोह वैली क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित रहा है, जहां भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

डीसी ने बताया कि राहत की बात यह है कि फिलहाल जिले में बिजली और पेयजल आपूर्ति सामान्य है। पालमपुर क्षेत्र में केवल दो छोटे लिंक मार्ग बंद हैं, जिन्हें बुधवार शाम तक बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा जिले की अधिकांश सड़कें यातायात के लिए खुली हुई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बोह वैली का दौरा कर प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जा चुकी है। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों को तत्काल फौरी राहत उपलब्ध करा रही हैं। जहां भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, वहां तिरपाल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी प्रशासन द्वारा की जा रही हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति और विद्युत विभाग क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की शीघ्र बहाली में जुटे हुए हैं।

अगले दो दिन ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

जिलाधीश हेमराज बैरवा ने बताया कि मौसम विभाग ने कांगड़ा जिले के लिए अगले दो दिनों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ों की मिट्टी पूरी तरह संतृप्त हो चुकी है, जिससे भूस्खलन की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यदि किसी मकान के आसपास खतरे की स्थिति बनती है तो जानमाल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का पहला लक्ष्य किसी भी स्थिति में जनहानि को रोकना है और सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App