‘क्लीन हिल्स ग्रीन हिल्स ‘अभियान को शाबाशी
राज्यपाल से मिला नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल का प्रतिनिधिमंडल, पर्यावरण पर चर्चा
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुंजन मेहता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान काउंसिल के हिमाचल प्रदेश संयोजक अमित चौहान और महिला मोर्चा, शिमला सिटी की महासचिव रचना कुमारी भी मौजूद रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ, पारंपरिक शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे क्लीन हिल्स ग्रीन हिल्स जनजागरूकता अभियान की विस्तृत जानकारी भी दी।
अमित चौहान ने बताया कि गुरुग्राम (हरियाणा) से हिमाचल पहुंची टीम शिमला सहित नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्षेत्रों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त पहाड़, कपड़े के थैलों के उपयोग और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ और हरित भारत के संकल्प को मजबूत करना है। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने काउंसिल की सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने घर, आसपास, शहर, गांव और प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता का संकल्प ले, तो देश को स्वच्छ, रखा जा सकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

