शिमला एयरपोर्ट रोड पर लैंड स्लाइड
पांच पेड़ गिरने से पांच घंटे बंद रहा रोड, टुटूएयरपोर्ट रोड समेत कनलोग-चौड़ा मैदान में पेड़ गिरने से गाडिय़ों को पहुंचा नुकसान
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में सोमवार सुबह हुई भारी बारिश ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बारिश के कारण टुटू से एयरपोर्ट जाने वाली सडक़ पर भूस्खलन और करीब पांच पेड़ गिरने से यातायात लगभग पांच घंटे तक बाधित रहा। इस मार्ग से कई बसों की आवाजाही होती है, लेकिन सडक़ बंद होने के कारण सुबह के रूट प्रभावित रहे और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक असर मज्याठ क्षेत्र में देखने को मिला, जहां लैंडस्लाइड के चलते लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल चलना पड़ा। सडक़ बंद होने से दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली वाहनों और स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतें आईं। वहीं सडक़ पर लंबा जाम लगने के कारण कई लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। उधर, कनलोग क्षेत्र में अचानक एक बड़ा पेड़ गिरने से वहां खड़े करीब तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वाहनों के शीशे और बॉडी को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति वाहन के अंदर मौजूद नहीं था।
चौड़ा मैदान क्षेत्र में भी पेड़ गिरने से कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। सोमवार सुबह शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 10 पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। कनलोग, मज्याठ, चौड़ा मैदान, भराड़ी और भट्टाकुफर-चमियाणा सडक़ सहित कई क्षेत्रों में पेड़ गिरने और छोटे-बड़े भूस्खलन से यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद एयरपोर्ट रोड पर यातायात बहाल किया गया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार बारिश के बीच भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाएं बढऩे से चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में खतरे वाले पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने और कमजोर ढलानों को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

