सीयू में लॉ-होटल मैनेजमेंट कोर्स शुरू, स्थानीय लोगों की कानूनी मदद को खुलेगा लीगल एड क्लिनिक

By: Jul 12th, 2026 9:48 pm

स्टाफ रिपोर्टर— धर्मशाला

युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने और उन्हें रोजगार के नए अवसर मुहैया कराने के लक्ष्य के साथ केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला ने नए शैक्षणिक सत्र से कई बहु-विषयक व कौशल आधारित पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की तर्ज पर शुरू किए गए इन कोर्सेज में विधि (लॉ), चीनी भाषा, बौद्ध एवं तिब्बती अध्ययन, भू-विज्ञान, जीआईएस एवं रिमोट सेंसिंग और होटल प्रबंधन शामिल हैं। केंद्रीय विवि में इस सत्र से एलएलएम पाठ्यक्रम शुरू कर दिया गया है, जिसे विद्यार्थियों का अभूतपूर्व और बेहद उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है, जो उच्च स्तरीय विधि शिक्षा की बढ़ती मांग को दर्शाता है। इसके अलावा, बीकॉम, एलएलबी और बीबीए एलएलबी जैसे इंटीग्रेटेड लॉ कोर्स भी बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) से अंतिम स्वीकृति मिलने के तुरंत बाद शुरू कर दिए जाएंगे।

विधि शिक्षा को सीधे समाज से जोडऩे के लिए विश्वविद्यालय एक लीगल एड क्लिनिक भी स्थापित करने जा रहा है। इसके जरिए स्थानीय समुदाय और विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों के लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता प्रदान की जाएगी, जिससे लॉ के छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों की सामरिक जरूरतों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बदलते परिदृश्य को देखते हुए सीयूएचपी ने चीनी भाषा का नया पाठ्यक्रम भी शुरू किया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बंसल ने स्पष्ट किया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल डिग्रियां बांटना नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने वाले ऐसे दक्ष और जिम्मेदार युवा तैयार करना है, जो सामाजिक सरोकारों से जुड़े हों।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App