बीबीएन के कारखानों में लोकल टैक्सियां
दून टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने बाहरी टैक्सियों व निजी वाहनों पर कार्रवाई की उठाई मांग, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की अपील
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में स्थानीय टैक्सी संचालकों ने उद्योगों में बाहरी राज्यों की टैक्सियों तथा निजी वाहनों के कथित व्यावसायिक उपयोग पर कड़ा विरोध जताया है। सोमवार को दून टैक्सी ऑपरेटर यूनियन की बैठक में उद्योग प्रबंधन से स्थानीय टैक्सी संचालकों को प्राथमिकता देने और प्रशासन से अवैध रूप से टैक्सी सेवा दे रहे निजी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई गई। बैठक में टैक्सी कारोबार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। यूनियन के प्रधान मनदीप चौधरी ने कहा कि बीबीएन की कई फैक्ट्रियों में लंबे समय से सफेद नंबर प्लेट वाले निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। इससे न केवल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि वैध रूप से टैक्सी संचालन करने वाले स्थानीय चालकों का रोजगार भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अनेक युवाओं ने स्वरोजगार के लिए टैक्सी व्यवसाय अपनाया है और सभी सरकारी नियमों का पालन करते हुए करों का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त काम नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी राज्यों और बाहरी जिलों की टैक्सियां लगातार उद्योगों में सेवाएं दे रही हैं, जिससे स्थानीय टैक्सी संचालकों की आय में भारी गिरावट आई है और कई परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। यूनियन ने बताया कि इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक के बाद यूनियन का प्रतिनिधिमंडल दून जनहित मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. रणेश राणा से मिला और उन्हें स्थानीय टैक्सी संचालकों की समस्याओं से अवगत कराया। डॉ. राणा ने बीबीएन उद्योग संघ के अध्यक्ष वाई.एस. गुलेरिया के समक्ष यह मुद्दा उठाते हुए उद्योगों से स्थानीय युवाओं और टैक्सी संचालकों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन तेज किया जाएगा। बैठक में यूनियन के संरक्षक रमेश कुमार, नरेंद्र कुमार ठाकुर, जसवीर सिंह, भीम सिंह लंबरदार सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखे और स्थानीय टैक्सी संचालकों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

