विश्व प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर दिया स्वच्छता का संदेश
शूलिनी यूनिवर्सिटी ने हाउस कीपिंग और ऑपरेशन स्टाफ को वेस्ट सेग्रीगेशन का दिया प्रशिक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण रोकने पर जोर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
विश्व प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर शूलिनी यूनिवर्सिटी ने हाउस कीपिंग, ऑपरेशन्स और लैंडस्केपिंग स्टाफ के लिए वेस्ट सेग्रीगेशन (कचरा पृथक्करण) विषय पर इंटरैक्टिव कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला में 65 कर्मचारियों ने भाग लिया और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभाव तथा स्वच्छ एवं सतत (सस्टेनेबल) परिसर के निर्माण के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। कार्यशाला में प्लास्टिक बैग के पर्यावरण पर पडऩे वाले दुष्प्रभावों पर प्रस्तुति दी गई। प्रतिभागियों को मेरा बाबा देश चलाता है डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसमें स्वच्छता कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।
समूह चर्चा के दौरान कर्मचारियों ने कचरा संग्रहण और पृथक्करण में आने वाली चुनौतियों को साझा किया तथा उनके व्यावहारिक समाधान पर विचार-विमर्श किया। अंत में स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण का अभ्यास भी करवाया गया। शूलिनी यूनिवर्सिटी की सस्टेनेबिलिटी निदेशक पूनम नंदा ने कहा कि हाउसकीपिंग और ऑपरेशन टीमें स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल परिसर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों को आवश्यक कौशल प्रदान करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को भी मजबूत करते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

