आपदा के समय बचाव के बताए तरीके

By: Jul 10th, 2026 12:48 am

पांगी में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को किया प्रेरित
नगर संवाददाता-चंबा
जनजातीय क्षेत्र पांगी के मिनी सचिवालय किलाड में प्राकृतिक आपदा प्रबंधन विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। इस मौके पर आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह विशेष तौर से मौजूद रहे। आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने प्रतिभागियों कहा कि जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समय पर तैयारी, जागरूकता तथा प्रशिक्षित मानव संसाधन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आपदा के समय त्वरित एवं समन्वित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में करने तथा अन्य लोगों को भी आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने का आहवान किया। प्रशिक्षक होमगार्ड से प्लाटून कमांडर देवेंद्र कुमार, अग्निशमक से अग्रसर प्रशामक जोगिंद्र सिंह एवं प्रशामक प्रशांत किशोरी लाल तथा स्वास्थ्य विभाग से डा. ललित ने प्रतिभागियों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्य, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव तकनीकों पर जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण में स्थानीय समुदाय से जुडे लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App