आपदा के समय बचाव के बताए तरीके

By: Jul 5th, 2026 12:50 am

डीएवी स्कूल हरदासपुरा के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने छात्रों को सुरक्षा-बचाव पर दी जानकारी
नगर संवाददाता-चंबा
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा के निर्देशानुसार राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल एनडीआरएफ की ओर से डीएवी पब्लिक स्कूल हरदासपुरा में शनिवार को मानसून सीजन के मददेनजर आपदा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजन का उददेश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के दौरान स्वयं को सुरक्षित रखने तथा दूसरों की सहायता करने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय पूर्व तैयारी, जागरूकता और समय पर सही निर्णय लेना है।

उन्होंन कहा कि स्कूल में इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों को जिम्मेदार, सजग और आत्मनिर्भर नागरिक बनने की प्रेरणा देते हें। शिविर में 14वीं एनडीआरएफ के विशेषज्ञ अधिकारी एवं असिस्टेंट इंस्पेक्टर राजेश कुमार तथा सामाजिक अध्ययन के शिक्षक मनीष ठाकुर ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भूकंप, भूस्खलन, बाढ, आग लगने, बादल फटने तथा अन्य आपदाओं के समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार तथा बचाव एवं राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न बचाव तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर स्कूल स्टाफ के अलावा काफी तादाद में छात्र मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App