मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट बढ़ाएगा दुग्ध उत्पादकों की आय

By: Jul 10th, 2026 12:49 am

कृषि मंत्री चंद्र कुमार बोले, ढगवार डेयरी परियोजना बनेगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की ताकत
टीम-गगल, धर्मशाला
प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि कांगड़ा के ढगवार में निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र (मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट) प्रदेश के हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण कार्य तथा आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, मिल्क फेडरेशन के प्रबंध निदेशक अभिषेक वर्मा, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रो. चंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी, बिजली और सिविल कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने प्लांट की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप बिजली और पानी की मांग का विस्तृत आकलन तैयार करने के भी निर्देश दिए। इस परियोजना से कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, मंडी और ऊना जिलों के 35 हजार से अधिक दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा। बैठक के बाद कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने ढगवार पहुंचकर निर्माणाधीन मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App