13 आंगनबाड़ी वर्कर्ज को नियुक्ति पत्र, विधायक दलबीर सिंह टोंग ने सौंपे, जल्द करेंगी ज्वाइन
अमृतसर के बाबा बकाला साहिब में विधायक दलबीर सिंह टोंग ने सौंपे, जल्द करेंगी ज्वाइन
निजी संवाददाता-अमृतसर
पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा युवाओं को पारदर्शी ढंग से रोजगार उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता के तहत विधानसभा क्षेत्र बाबा बकाला साहिब के विधायक सरदार दलबीर सिंह टोंग ने रविवार अपने कैंप कार्यालय में मिशन पोषण 2.0 एवं आंगनवाड़ी सेवा योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र बाबा बकाला साहिब के विभिन्न गांवों के लिए चयनित 13 नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर विधायक सरदार दलबीर सिंह टोंग ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार योग्यता एवं मेरिट के आधार पर बिना किसी सिफारिश और रिश्वतखोरी के सरकारी नौकरियां प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा, कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक योग्य युवा को उसकी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर समान अवसर प्रदान करना है, जिससे सरकारी भर्ती प्रक्रिया में लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
विधायक ने नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा, कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, समर्पण और सेवा भावना के साथ करें। उन्होंने कहा, कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्गों बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा धात्री माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवनियुक्त कार्यकर्ता मिशन पोषण 2.0 के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। इस अवसर पर ब्लॉक रैया के सीडीपीओ जसप्रीत सिंह, विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विशाल शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

