विधायक विवेक शर्मा ने जांची लठियाणी-कोहडरा सडक़

By: Jul 14th, 2026 12:02 am

अधिकारियों को खराब मार्ग को फिर बनाने के लिए आदेश, आठ करोड़ से संवरेगी सडक़, लोगों को मिलेगी सुविधा

स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग मंडल बंगाणा के अधिकारियों के साथ लठियाणी-कोहडऱा सडक़ का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सडक़ की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और उन सभी स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां सडक़ की स्थिति खराब है या निर्माण कार्य के दौरान विशेष सुधार की आवश्यकता है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सडक़ के पुनर्निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप किया जाएं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि इस सडक़ के पुनर्निर्माण पर लगभग आठ करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सडक़ सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सडक़ निर्माण के दौरान गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जनता को लंबे समय तक टिकाऊ सडक़ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने सडक़ के कई चयनित स्थलों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने तकनीकी कमियों और अनियमितताओं पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ निर्माण से पहले सभी खामियों को दूर किया जाए और सुविधा दी जाए।

विधायक ने मलांगड़ लिंक रोड का भी किया निरीक्षण

बंगाणा। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने सोमवार को धतोल और मलांगड़ पंचायत की सीमा पर मुख्य सडक़ से डैम तक जाने वाली लिंक सडक़ का लोक निर्माण विभाग(पीडब्ल्यूडी)बंगाणा के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सडक़ की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और विभागीय अधिकारियों को करीब चार किलोमीटर लंबी सडक़ के सुधार एवं पुनर्निर्माण के लिए शीघ्र विस्तृत परियोजना (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने विश्वास जताया कि धतोल-मलांगड़ लिंक सडक़ के पुनर्निर्माण, नालियों के निर्माण और अन्य आवश्यक सुधार कार्य पूरे होने के बाद क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App