करुणामूलक बनेंगे मल्टी टास्क वर्कर, उपमुख्यमंत्री की अगवाई वाली कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक में चर्चा

By: Jul 3rd, 2026 12:07 am

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

प्रदेश में मल्टी टास्क वर्कर के पद पर करुणामूलकों की तैनाती का रास्ता खोलने की तैयारी है। एमटीडब्ल्यू को लेकर राज्य सरकार की कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक में इस पर मंथन हुआ है। कमेटी ने सुझाव दिया है कि करुणामूलकों को फिलहाल प्रस्तावित पॉलिसी से डी-लिंक किया जाए और विभाग के प्रस्तावों के अनुरूप इनकी तैनाती का रास्ता साफ किया जाए। कैबिनेट सब-कमेटी के इस सुझाव के बाद राज्य में विभिन्न विभागों के तहत करुणामूलकों की मल्टी टास्क वर्कर के तौर पर नियुक्तियां जल्द आरंभ होने की उम्मीद है।

बता दें कि राज्य सरकार ने प्रदेश में विभिन्न विभागों के तहत मल्टी टास्क वर्करों की तैनाती को लेकर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट सब कमेटी का गठन किया है। कमेटी के रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार विभिन्न विभागों में मल्टी टास्क वर्करों की नियुक्तियों को लेकर पॉलिसी पर अपनी मुहर लगाएगी।

करुणामूलकों को प्रस्तावित पॉलिसी से डी-लिंक करें

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने बताया कि मल्टी टास्क भर्ती को लेकर वित्त विभाग की राय है कि सभी विभागों के लिए एक ही पॉलिसी हो। उन्होंने कहा कि सब-कमेटी की पहली बैठक में चर्चा हुई है कि किस तरह से आगे बढ़ा जाए। कमेटी का सुझाव है कि एमटीडब्लयू पॉलिसी से करुणामूलकों की मल्टी टास्क वर्कर के पद पर तैनाती की प्रक्रिया को डी-लिंक किया जाए और विभागों की अपनी पॉलिसी के अनुरूप नौकरी का रास्ता प्रशस्त किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App