प्रदेश के नंबर-वन कालेज में नैक टीम की दस्तक, हर पहलू की पड़ताल
ग्रेडिंग से पहले हमीरपुर कालेज का गहन मूल्यांकन, नैक टीम लौटी संतुष्ट
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय हमीरपुर में नैक ग्रेडिंग के लिए पहुंची हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की पांच सदस्यीय टीम का कालेज प्राचार्य डा. सतीश सोनी और स्टाफ ने वेलकम किया। निरीक्षण टीम के हैड राजकीय महाविद्यालय नगरोटा सूरियां के प्राचार्य डा. प्रदीप कुमार कौंडल के साथ उनकी टीम में सदस्य राजकीय महाविद्यालय ज्वाली के प्राचार्य डा. दिनेश शर्मा, राजकीय महाविद्यालय नेरवा के प्राचार्य डा. हरवंश लाल शर्मा, राजकीय महाविद्यालय नुरपूर के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. राकेश कुमार और राजकीय महाविद्यालय थुरल के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. विशाल वालिया की टीम ने कॉलेज द्वारा सौंपी गई ऑनलाइन रिपोर्ट को धरातल पर विस्तार से चैक किया। नैक टीम ने महाविद्यालय की उपलब्ध सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कक्षाओं, अधोसंरचना तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। नैक की टीम कॉलेज में करवाए जा रहे कार्यों और छात्रों को बेहतर ढग़ से मुहैया करवाई जा रही शिक्षा को लेकर काफी संतुष्ट नजर आए। नैक की पांच सदस्यीय टीम कॉलेज का निरीक्षण करेक वापस लौट गई है और यहां से ग्रेडिंग करके लौटे सदस्य कालेज का मूल्यांकन करेंगें और इसी आधार पर कॉलेज की ग्रेडिंग निर्धारित की जाएगी।
ग्रेड से तय होगी कालेजों की ग्रांट
गौरतलब रहे कि राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर प्रदेश का नंबर वन कॉलेज है। बीते वर्ष की कॉलेज गे्रड में हमीरपुर कॉलेज को सबसे ज्यादा अंक प्राप्त हुए थे। प्रदेश में कॉलेजों को अब ग्रेड के आधार पर ही ग्रांट मुहैया करवाई जा रही है।
टीम ने पूरा किया मूल्यांकन
राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के प्राचार्य डा. सतीश सोनी का कहना है कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की नैक टीम कालेज की ग्रेडिंग करके वापस लौट गई हैं। नैक टीम जल्द ही कॉलेज के ग्रेड मूल्यांकन का रिजल्ट घोषित कर सकते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

