जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा नाहन, रथयात्रा में आस्था का सैलाब
भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलराम के रथ को श्रद्धालुओं ने नंगे पांव खींचा, शहरभर में लगे भंडारे
कार्यालय संवाददाता-नाहन
ऐतिहासिक नगरी नाहन रविवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति में सराबोर रही। भगवान श्री जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम की भव्य रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। चौगान मैदान से कच्चा टैंक तक श्रद्धालुओं ने नंगे पांव रथ की रस्सियां खींचकर भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। बैंड-बाजों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों, भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
यात्रा मार्ग पर लायंस क्लब, श्री सत्य साईं सेवा संगठन, इनरव्हील क्लब, डाकघर मुख्य शाखा, विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, महिला मंडलों और नवयुवक मंडलों ने श्रद्धालुओं के लिए कड़ी-चावल, राजमा-चावल, छोले-चावल, जलेबी, लस्सी, शरबत और अन्य प्रसाद के भंडारे लगाए। रथयात्रा के दौरान महिलाओं ने भजन और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कच्चा टैंक पहुंचने के बाद भगवान की पालकियों के साथ शोभायात्रा पुन: चर्तुयुगी धाम स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
श्री जगन्नाथ रथयात्रा में शामिल हुए डा. राजीव बिंदल
नाहन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने रविवार को ऐतिहासिक शहर नाहन में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की 18वीं भव्य रथयात्रा के अवसर पर श्री जगन्नाथ शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना, हवन एवं यज्ञ में भाग लेकर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। डॉ. बिंदल ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय सनातन संस्कृति, प्रेम, भाईचारे, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नाहन का प्राचीन जगन्नाथ मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आयोजित रथयात्रा आज एक विशाल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का स्वरूप ले चुकी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

