पंजाब विश्वविद्यालय में 51 वर्ष बाद भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम का राष्ट्रीय कोचिंग कैंप शुरू
मुकेश संगर – चंडीगढ़
पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम का राष्ट्रीय कोचिंग कैंप शुरू हो गया। इस शिविर का उद्घाटन पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. रेणु विग ने किया। यह राष्ट्रीय शिविर हॉकी इंडिया के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जो 20 से 25 जुलाई 2026 तक ओमान में आयोजित होने वाली एएचएफ यूथ हॉकी 5एस एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह प्रशिक्षण शिविर 6 जुलाई से 17 जुलाई तक चलेगा। विशेष बात यह है कि पंजाब विश्वविद्यालय में 51 वर्ष बाद भारतीय हॉकी टीम का राष्ट्रीय स्तर का कोचिंग कैंप आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 1975 में विश्वविद्यालय परिसर में ऐसा शिविर आयोजित हुआ था।
उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. रेणु विग ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय शिविर में चयनित होने पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अभ्यास करने तथा आगामी एशियन चैंपियनशिप में देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ से संवाद करते हुए उनके सफल अभियान के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
प्रो. विग ने हॉकी इंडिया से भविष्य में भी पंजाब विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय कोचिंग कैंप आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1882 में स्थापित पंजाब विश्वविद्यालय की खेल और शिक्षा के क्षेत्र में समृद्ध विरासत रही है। विश्वविद्यालय ने भारतीय हॉकी को अनेक ऐसे खिलाड़ी दिए हैं जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. राकेश मलिक ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पांच दशक से अधिक समय बाद राष्ट्रीय हॉकी शिविर की मेजबानी करना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं अंडर-18 टीम के मुख्य कोच सरदार सिंह ने उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए कुलपति प्रो. रेणु विग और डॉ. राकेश मलिक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय का आधुनिक हॉकी ढांचा और सहयोगी व्यवस्था टीम की तैयारियों को और मजबूत करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि वे भविष्य में भारतीय हॉकी टीम के अन्य प्रशिक्षण शिविर भी पंजाब विश्वविद्यालय में आयोजित कराने की सिफारिश करेंगे।
शिविर के समन्वय की जिम्मेदारी एसजीजीएस कॉलेज, सेक्टर-26 के शारीरिक शिक्षा विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गुरचरण सिंह गिल को सौंपी गई है। उनके साथ सहायक कोच रजनीश मिश्रा, फिजिकल ट्रेनर दमनप्रीत सिंह तथा फिजियोथेरेपिस्ट साहिल प्रशिक्षण सत्रों का संचालन करेंगे। उद्घाटन समारोह में भारतीय हॉकी टीम के सभी खिलाड़ी, कोच, सहयोगी स्टाफ और पंजाब विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

