शाहपुर में कुदरत का क्रोध, धारकंडी, स्पैडा और गडगून में 6 मकान बहे

By: Jul 21st, 2026 1:57 pm

धर्मशाला। कांगड़ा जिला में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा ने इलाके में भारी तबाही मचाई है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार शाहपुर क्षेत्र के धारकंडी स्पैडा और गडगून गांवों में प्रकृति के कहर के चलते छह मकान पूरी तरह से पानी में बह गए हैं। हालांकि इस भयानक त्रासदी में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, जो प्रशासन और स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी राहत की बात है। प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह से अलर्ट है और आला अधिकारी प्रभावित इलाकों की ओर रवाना हो चुके हैं। हालांकि, डिब्बा और मनेड नाला के पास हुए भीषण भूस्खलन की वजह से रास्ते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

इस वजह से अधिकारियों और बचाव दलों को ग्राउंड जीरो तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और मार्ग को बहाल करने की चुनौतियां बनी हुई हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) की टीम को तत्काल प्रभाव से तलब कर लिया गया है और वे घटनास्थल की ओर कूच कर चुके हैं। इस बीच, प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को फौरी राहत प्रदान की जा रही है। एहतियात के तौर पर, बेघर हुए सभी परिवारों को तत्काल प्रभाव से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रभावित लोगों को हर संभव बुनियादी सुविधाएं और मदद जल्द से जल्द मिल सके। उधर उपयुक्त कांगड़ा हेमराज बेरवा का कहना है कि प्रभावित स्थल पर बचाव एवं कार्य के लिए टमर बना कर दी है और हर घटना पर नजर रखी जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App