जनहित के कार्यों में न बरती जाए कोताही
पांगी में हुई विकास कार्यों की समीक्षा, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उपायुक्त सोमवार को जनजातीय उपमंडल पांगी के प्रवास के दौरान मिनी सचिवालय किलाड़ के सभागार में आयोजित सभी विभागों के विभागाध्यक्षों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा 15 अप्रैल 2025 को पांगी उपमंडल के लिए की गई घोषणाओं से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उपायुक्त ने जनजातीय क्षेत्र पांगी में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल शक्ति विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने उपमंडल में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों तथा क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से उपायुक्त को अवगत कराया।
ये-ये रहे मौजूद
बैठक में तहसीलदार संदीप कुमार, खंड विकास अधिकारी आस्था पवार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि शर्मा, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील चंदेल, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राम रत्न, आरओ रोहित प्रधान, कृषि विभाग के एसएमएस नरेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

