हसीना का सरेंडर नहीं, सीधे जेल होगी, बांग्लादेश में सजा-ए-मौत देने वाले आईसीटी का बड़ा बयान
एजेंसियां— ढाका
बांग्लादेश इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल (आईसीटी) के चीफ प्रॉसिक्यूटर अमीनुल इस्लाम ने कहा है कि शेख हसीना को भारत से तुरंत लौटना चाहिए। उन्होंने कहा कि शेख हसीना दिसंबर में आने की बात कह रही हैं, लेकिन हम कहेंगे कि उनको कल ही आना चाहिए। इस्लाम की यह प्रतिक्रिया हसीना के उस बयान पर आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह दिसंबर तक ढाका लौटकर सरेंडर करगी। आईसीटी में हसीना के खिलाफ कई मुकदमे चल रहे हैं। आईसीटी ने ही पिछले साल नवंबर में मानवता के खिलाफ अपराध में दोषी पाते हुए हसीना को उनकी गैर-मौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी।
शेख हसीना के ढाका लौटने से जुड़े एक सवाल पर अमीनुल इस्लाम ने कहा कि आप (शेख हसीना) दिसंबर में आएं या जनवरी में, यह आपका फैसला है। जहां तक हमारी बात है तो हम चाहते हैं कि आप कल ही आ जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि शेख हसीना सरेंडर की बात कह रही हैं, लेकिन वह प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से वापस आती हैं तो उनको सीधे जेल भेजा जाएगा। उन्हें अदालत के सामने सरेंडर करने का कानूनी मौका नहीं मिलेगा।
पूर्व पीएम को भारत सरकार सौंपेगी
आईसीटी चीफ प्रॉसिक्यूटर अमीनुल इस्लाम ने ढाका में कहा कि शेख हसीना भारत सरकार के नियंत्रण में हैं। ऐसे में वह खुद से वापस नहीं आ सकती हैं। उन्हें प्रत्यर्पण संधि के तहत बांग्लादेश को सौंपा जाएगा या उन्हें वापस भेज दिया जाएगा। उन्होंने हसीना को देश में अस्थिरता पैदा करने के खिलाफ भी चेतावनी दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

