बेस्ट टीचर-रिसर्चर अवार्ड को नामांकन, प्रदेश विश्वविद्यालय ने 18 जुलाई तक शिक्षकों से मांगे आवेदन
स्टाफ रिपोर्टर – शिमला
प्रदेश विश्वविद्यालय ने शिक्षण और शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बेस्ट टीचर एंड रिसर्चर अवार्ड के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। अधिसूचना के अनुसार इच्छुक शिक्षक अथवा संबंधित विभागाध्यक्ष आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों सहित 18 जुलाई तक नामांकन डीन ऑफ स्टडीज कार्यालय में स्थापित अवॉर्ड/ नामांकन समिति के माध्यम से जमा करा सकते हैं। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता अध्ययन (डीन ऑफ स्टडीज) कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक शिक्षक अथवा विभागाध्यक्ष 18 जुलाई तक आवश्यक दस्तावेजों सहित नामांकन प्रस्तुत कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पुरस्कार उन शिक्षकों को प्रदान किया जाएगा जिन्होंने शिक्षण उत्कृष्टता, शोध उपलब्धियों, नवाचार तथा अकादमिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इसका उद्देश्य विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध संस्कृति और नवाचार को बढ़ावा देना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करना है। अधिसूचना के अनुसार पुरस्कार के लिए वही शिक्षक पात्र होंगे, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में कम से कम पांच वर्ष का नियमित शिक्षण एवं शोध अनुभव प्राप्त किया हो। साथ ही शिक्षण कार्य में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और मेंटरिंग का प्रभावी रिकार्ड भी चयन की प्रमुख शर्तों में शामिल है। विश्वविद्यालय ने पुरस्कार के चयन के लिए विस्तृत मानदंड भी निर्धारित किए हैं। इनमें प्रमुख रूप से शिक्षण उत्कृष्टता, प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित शोध कार्य जैसे पहलुओं को महत्त्व दिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

