पांवटा में एनएसयूआई ने की जमकर नारेबाजी

By: Jul 23rd, 2026 12:02 am

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को पांवटा साहिब में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर में रोष रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रजत भरद्वाज ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने से कई छात्र घायल हुए हैं, जिससे छात्र समुदाय में रोष है।

उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र विरोधी नीतियां वापस लो और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करो जैसे नारे लगाए। ज्ञापन में जंतर-मंतर घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और छात्रों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई गई। एसडीएम पांवटा साहिब ने ज्ञापन प्राप्त कर इसे उचित माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App