अफसरों ने जांचा गारनी खड्ड का क्षतिग्रस्त तटबंध

By: Jul 5th, 2026 12:50 am

जिला बाढ़ नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने मौके पर जाकर किया निरीक्षण, जल्द सुधार का दिया आश्वासन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
ग्राम पंचायत चुरुरू के वार्ड-1 में गारनी खड्ड स्थित रेलवे पुल के समीप क्षतिग्रस्त तटबंध का शनिवार को जिला बाढ़ नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पिछले वर्ष तेज जल बहाव तथा देर से हुए खनन के कारण तटबंध को हुई क्षति का जायजा लिया गया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम पंचायत चुरुरू के उपप्रधान जगपाल जसवाल के आग्रह पर अधिशाषी अभियंता पंकज धीमान, सहायक अभियंता नीरज कुमार तथा कनिष्ठ अभियंता तिलक राज मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए पानी के बहाव को नियंत्रित करने तथा तटबंध की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे।

उन्होंने आश्वस्त किया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करवाने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा कार्य नहीं किए गए तो आगामी बरसात में खेतों, रेलवे पुल के आसपास के क्षेत्र और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द मरम्मत और सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग की।उपप्रधान जगपाल जसवाल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और निरीक्षण करने के लिए जिला बाढ़ नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कर गारनी खड्ड के जल बहाव को नियंत्रित करेगा, जिससे बरसात के दौरान संभावित नुकसान से क्षेत्र को बचाया जा सके। वहीं अधिकारियों ने बारीकी से इसका निरीक्षण किया और आश्वासन दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App