मणिमहेश यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा-सुविधा के लिए तैयार की वेबसाइट
चंबा के भरमौर स्थित मणिमहेश झील हिंदुओं और शिव भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए वेबसाइट तैयार, एक क्लिक पर मिलेगी सारी जानकारी
नगर संवाददाता — भरमौर
श्री मणिमहेश यात्रा 2026 में देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भरमौर प्रशासन की ओर से श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की आधिकारिक वेबसाइट तैयार कर ली गई है। अब श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट ‘मणिमहेश यात्रा.एचपी.जीओवी. इन’ के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवाने के साथ-साथ यात्रा से संबंधित सभी महत्त्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था आरंभ की गई है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे यात्रा आरंभ करने से पूर्व आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य रूप से पूर्ण करें तथा वेबसाइट पर उपलब्ध यात्रा संबंधी दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें।
उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर श्रद्धालुओं के लिए यात्रा पंजीकरण के अतिरिक्त यात्रा से संबंधित महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश, सुरक्षा एडवाइजरी, आवश्यक सूचनाएँ एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई गई है, जिससे श्रद्धालु यात्रा से पूर्व बेहतर तैयारी कर सकें। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, भरमौर ने कहा कि श्री मणिमहेश यात्रा एक कठिन पर्वतीय यात्रा है। इसलिए सभी श्रद्धालु अपनी स्वास्थ्य स्थिति का विशेष ध्यान रखें तथा यात्रा से पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य करवाएं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन दल के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
ये सामान साथ रखें श्रद्धालु
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पंजीकरण प्रमाण-पत्र एवं वैध फोटो पहचान-पत्र अपने साथ रखें और प्रशासन द्धारा निर्धारित यात्रा मार्ग एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। बदलते मौसम एवं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालु गर्म कपडे, रेनकोट, ट्रैकिंग जूते, टॉर्च एवं आवश्यक दवाइयां साथ रखें तथा प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी चेतावनियों एवं एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

