बरसात में पांवटा अस्पताल में 40 फीसदी तक बढ़ी ओपीडी
सर्दी-जुकाम, वायरल, बुखार और पेट संबंधी रोगियों की भीड़, बाल रोग विशेषज्ञ न होने से बच्चों के इलाज में परेशानी
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
मौसम में अचानक बदलाव के कारण सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। पिछले एक सप्ताह से ओपीडी में सर्दी-जुकाम, बुखार, वायरल संक्रमण और पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढऩे से सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। बच्चों और बुजुर्गों पर मौसम बदलाव का अधिक असर देखने को मिल रहा है। बच्चों में वायरल बुखार, उल्टी-दस्त और सांस संबंधी समस्याओं के मामले बढ़े हैं। एसएमओ डॉ. सुधि गुप्ता ने बताया कि बदलते मौसम के चलते ओपीडी में 30 से 40 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
डॉ. एवी राघव ने लोगों को साफ पानी पीने, बाहर का कटा-फटा भोजन न खाने और मच्छरों से बचाव की सलाह दी। वहीं डॉ. पीयूष तिवारी ने अभिभावकों से बच्चों की साफ-सफाई और खान-पान का विशेष ध्यान रखने तथा लक्षण दिखने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की। अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ न होन से बच्चों के उपचार में परेशानी हो रही है। अधिक संख्या में बच्चों के पहुंचने पर उन्हें सामान्य चिकित्सकों से उपचार लेना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने सरकार से जल्द बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

