इसरो में इंटर्नशिप का मौका, छात्र 14 अगस्त से 14 सितंबर तक कर पाएंगे आवेदन

By: Jul 23rd, 2026 12:08 am

14 अगस्त से 14 सितंबर तक आवेदन कर पाएंगे छात्र, नहीं मिलेगा स्टाइपेंड

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

अगर आप भी आसमान से परे सितारों और ग्रहों की दुनिया को करीब से समझना चाहते हैं और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों के साथ काम करने का सपना देखते हैं, तो आपके लिए यह बेहद खास और शानदार खबर है। इसरो के विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) ने विद्यार्थियों के लिए इसरो इंटर्नशिप 2026 का शानदार अवसर प्रदान किया है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अनुभव प्रदान करना है।

इसके लिए 14 अगस्त, 2026 (सुबह 10.00 बजे से)14 सितंबर (रात 11.59 बजे तक) आवेदन कर सकते हैं। इसरो इंटर्नशिप के लिए केवल भारतीय नागरिक ही आवेदन करने के पात्र हैं। इसमें भाग लेने के लिए उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बीई, बीटेक, एमई, एमटेक , बीएससी या एमएससी (फिजिक्स/केमिस्ट्री), अथवा पीएचडी का नियमित ऑन-कैंपस छात्र होना अनिवार्य है।

अवधि, स्टाइपेंड और चयन प्रक्रिया

इस इंटर्नशिप की अवधि न्यूनतम 21 दिन और अधिकतम 45 दिन तय की गई है। यह पूरी तरह से एक शैक्षणिक व प्रशिक्षण कार्यक्रम है, इसलिए इसके लिए विद्यार्थियों को कोई स्टाइपेंड, मानदेय या वित्तीय सहायता नहीं दी जाएगी। छात्रों को इसरो की प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर मिलेगा। अभ्यर्थियों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और प्रयोगशाला की सीटों की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को इसकी जानकारी ई-मेल के जरिए भेजी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App