न्यू बस स्टैंड ठियोग में टैक्सियों के लिए पार्किंग व्यवस्था

By: Jul 23rd, 2026 12:02 am

नगर के लिए प्रस्तावित यातायात प्रबंधन योजना का प्रारूप जारी, दंडाधिकारी ने दी जानकारी

स्टाफ रिपोटर-ठियोग
उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी शिमला अनुपम कश्यप ने ठियोग नगर में बढ़ते यातायात दबाव, सीमित पार्किंग सुविधा तथा अनियोजित सडक़ किनारे पार्किंग एवं लोडिंग-अनलोडिंग के कारण उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्तावित यातायात प्रबंधन योजना की प्रारूप अधिसूचना जारी की है। उपमंडलाधिकारी ठियोग द्वारा नगर परिषद ठियोग एवं पुलिस विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण एवं विस्तृत अध्ययन के उपरांत यातायात प्रबंधन योजना तैयार की गई है। आमजन की सुरक्षा एवं यातायात के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न पार्किंग स्थल, टैक्सी पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग प्वाइंट, बस स्टॉप, नो पार्किंग जोन, नो यू-टर्न जोन तथा यातायात संबंधी अन्य व्यवस्थाएं प्रस्तावित की गई हैं। जनोग घाट, प्रेम घाट चौक, स्नोलाइन फिलिंग स्टेशन, वन विभाग कार्यालय, विद्युत कार्यालय, राहीघाट बाईपास तथा ठियोग बाईपास (एनएच-05) सहित विभिन्न स्थानों पर हल्के एवं पिकअप वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।

न्यू बस स्टैंड ठियोग में टैक्सियों के लिए पृथक पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। वहीं होटल हिडिम्बा के समीप लोडिंग एवं अनलोडिंग केवल प्रात: 8 बजे से पूर्व तथा रात्रि 8 बजे के बाद करने का प्रावधान रखा गया है। बसों के लिए चोपाल-कोटखाई, शिमला तथा रामपुर रूट के अलग-अलग बस स्टॉप प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त स्कूल बसों के लिए राहीघाट चौक, जीरो प्वाइंट, पुराना बस स्टैंड तथा प्रेमघाट चौक को निर्धारित किया गया है। विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रेमघाट से सिविल अस्पताल ठियोग मार्ग पर प्रात: नौ बजे से 9.45 बजे तक तथा अपराह्न 3.30 बजे से 4.30 बजे तक एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अतिरिक्त सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक भारी वाहनों के लिए ठियोग बाजार में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App