सोलन अस्पताल में मरीजों को मिलेगी राहत

By: Jul 23rd, 2026 12:02 am

पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों में घंटों नहीं करना होगा इंतजार, काउंटर बढ़ाने की तैयारी तेज

निजी संवाददाता-सोलन
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रोजाना इलाज के लिए पहुंचने वाले हजरों मरीजों को जल्द ही पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों में घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की बढ़ती संख्या और पर्ची काउंटर पर बढ़ रहे दबाव को देखते हुए पंजीकरण व्यवस्था के विस्तार की योजना तैयार की है। इसके तहत अस्पताल में एक अतिरिक्त पर्ची काउंटर शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती को लेकर सरकार को प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही नया काउंटर शुरू कर दिया जाएगाए जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सुबह ओपीडी शुरू होने से पहले ही पर्ची काउंटर के बाहर लंबी कतारें लग जाती हैं। कई मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए आधे घंटे से लेकर डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ता है।

ऐसे में पर्ची काउंटर का विस्तार समय की जरूरत बन गया है। नए काउंटर के शुरू होने से पंजीकरण प्रक्रिया तेज होगी और ओपीडी में भीड़ का दबाव कम किया जा सकेगा। हालांकि कुछ समय पहले वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए बंद पड़े एक पर्ची काउंटर को दोबारा शुरू किया गया था, जिससे बुजुर्ग मरीजों को काफी राहत मिली है। अब प्रशासन सामान्य मरीजों की सुविधा के लिए भी अतिरिक्त काउंटर खोलने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विभाग का कहना है कि पंजीकरण व्यवस्था मजबूत होने से अस्पताल की सेवाएं और अधिक व्यवस्थित होंगी। इससे मरीजों का समय बचेगा और डॉक्टरों तक उनकी पहुंच भी पहले की तुलना में अधिक तेज और आसान हो सकेगी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि कर्मचारियों की तैनाती को स्वीकृति मिलते ही नए काउंटर की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App